तुम मुस्लिम हो? अमेरिका में मॉल के अंदर धर्म पूछकर भारतीय शख्स पर 15 बार चाकू से हमला,

अमेरिका के एक मॉल में भारतीय शख्स पर चाकू से हमला किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर ने पीड़ित से पहले उसका धर्म पूछा था और यह भी पूछा कि वह कहां से आया है। उसके मुस्लिम कहते ही उस पर हमला बोल दिया
अमेरिका के यूटा में एक शॉपिंग मॉल में भारतीय मुस्लिम शख्स पर हमले की खौफनाक घटना सामने आई है। हमलावर ने उस पर 15 बार चाकू से हमला किया। हमलावर ने बाद में पुलिस को बताया कि उसने पीड़ित को उसके मुस्लिम होने की वजह से निशाना बनाया और उसे जान से मारना चाहता था। पुलिस ने कोर्ट में दिए दस्तावेज में यह जानकारी दी है। 48 साल के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसकी पहचान पीटर माइकल लार्सन के तौर पर हुई है।
मुसलमान होने की वजह से बनाया निशाना
पुलिस के हलफनामे के मुताबिक, लार्सन ने अधिकारियों को बताया कि उसने पीड़ित को इसलिए निशाना बनाया क्योंकि वह मुसलमान था। उसने कहा कि उसका मकसद मुसलमानों को मारना है। हमला सोमवार को वेस्ट वैली सिटी के वैली फेयर मॉल में हुआ, जहां पीड़ित एक कियोस्क पर काम कर रहा था। पीड़ित की पहचान सोहेल के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया टारगेटेड हमल|
पुलिस ने इसे एक टारगेटेड हमला बताया है और चेतावनी दी कि संदिग्ध को अपने चरमपंथी विचारों और बड़े पैमाने पर लोगों को नुकसान पहुंचाने की साजिश रचने के दावों की वजह से जनता के लिए गंभीर खतरा था। लार्सन को हत्या की कोशिश और प्रतिबंधित हथियार रखने के आरोप में जेल भेजा गया है।
धर्म बताते ही कर दिया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर ने सोहेल से उसका धर्म पूछा था और यह भी पूछा कि वह कहां से है। पास ही एक ज्वैलरी स्टोर में काम करने वाली लूना ने स्थानीय मीडिया से बातचीत में घटना के बारे में बताया कि हमलावर ने पुछा, "तुम कहा से हो? उसने जवाब दिया, 'मैं भारत से हूं'। इसके बाद लार्सन ने पूछा 'क्या तुम मुसलमान हो?' सोहेल ने 'हां' कहा और उसने तुरंत उस पर चाकू से हमला कर दिया।"
कोर्ट के दस्तावेजों के अनुसार, जब पुलिस मौके पर पहुंची तो सोहेल के शरीर पर चाकू के कई घाव थे और बहुत ज्यादा खून बह रहा था। पुलिस के पहुंचने से पहले ही लोगों ने संदिग्ध को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया था। हमलावर को काबू करने के दौरान लगी चोटों के कारण उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।



